कोरबा में सोलर मेले का आगाज़, मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया उद्घाटन

कोरबा में सोलर मेले का आगाज़, मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया उद्घाटन

कोरबा। शहर के अग्रसेन भवन, दर्री रोड में आयोजित तीन दिवसीय सोलर मेला 2026 का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री तथा कोरबा विधायक Lakhan Lal Devangan ने किया। सूरिओनिक्स पाठशाला प्रा. लि. एवं एस.एस. एंटरप्राइजेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर सौर ऊर्जा से संबंधित तकनीकों, योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी हासिल की।

उद्घाटन अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि सौर ऊर्जा न केवल बिजली बिल में बचत का प्रभावी माध्यम है, बल्कि यह स्वच्छ और हरित भविष्य की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में सोलर तकनीक अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।

मेले में आगंतुकों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन, सरकारी अनुदान तथा विभिन्न आधुनिक सोलर उत्पादों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। विशेषज्ञों द्वारा मौके पर मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है, जिससे इच्छुक लोग अपनी जरूरत के अनुसार सोलर सिस्टम का चयन एवं बुकिंग कर सकें।

इस आयोजन की विशेष आकर्षण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी पहल रही। मेले में महिलाओं को स्वरोजगार के लिए दिया-बाती निर्माण मशीनें भेंट की जा रही हैं। इस पहल को महिलाओं से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली और बड़ी संख्या में महिलाओं ने इसमें रुचि दिखाई। आयोजकों के अनुसार यह मशीन कम लागत में घरेलू स्तर पर रोजगार शुरू करने का प्रभावी साधन बन सकती है।

आयोजन समिति ने बताया कि सोलर मेला 9 जून तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक संचालित होगा। नागरिकों से मेले में पहुंचकर सौर ऊर्जा से संबंधित योजनाओं, सब्सिडी और तकनीकी जानकारी का लाभ उठाने की अपील की गई है।