नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में रविवार तड़के भीषण आग लग गई, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर नहीं निकल पाए और अपनी जान गंवा बैठे। इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। इसमें माता-पिता, बेटे-बहु और एक डेढ़ वर्ष का पोता शामिल है। सबका शरीर जलकर पूरी तरह जल गया। दृश्य इतना विभत्स था कि शवों को पहचान पाना मुश्किल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत इमारत की दूसरी मंजिल के पिछले हिस्से में स्थित एयर कंडीशनर (एसी) में विस्फोट के कारण हुई। यह घटना तड़के करीब 3:30 बजे हुई, जब ज्यादातर लोग गहरी नींद में सो रहे थे। आग की लपटें तुरंत फैल गईं और तीसरी मंजिल तक पहुंच गईं।
जब आग लगी, तो कई निवासियों ने बचने की कोशिश की। कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए छत की ओर भागे, लेकिन दुर्भाग्यवश, छत का दरवाजा बंद होने के कारण वे वहीं फंस गए और सीढ़ियों पर ही झुलसकर उनकी मौत हो गई। जिस मंजिल पर आग लगी थी, वहां मौजूद चार लोग भी इस अग्निकांड का शिकार हो गए।
