रायपुर। शराब व डीएमएफ घोटाले और अन्य बड़े भ्रष्टाचार मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और राज्य आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने सामूहिक कार्रवाई की है। जांच एजेंसियों ने घोटाले के मुख्य सूत्रधार अनवर ढेबर और रिटायर्ड आईएएस अनिल टुटेजा के संगठित सिंडिकेट के खिलाफ शिकंजा कसते हुए अब तक 1,400 करोड़ से अधिक की चल-अचल संपत्तियां कुर्क की हैं।

जांच एजेंसी ने अकेले शराब घोटाले में कुल 85 आरोपितों को नामजद किया है। इस सिंडिकेट ने सरकारी व्यवस्था को ढाल बनाकर शराब से ही 3,200 करोड़ से ज्यादा का अवैध कालाधन बटोरा था। जबकि कुल चार बड़े घोटाले में करीब 4,000 करोड़ रुपये की कमाई की है।

चार बड़े घोटालों के नीति-निर्धारक थे टुटेजा-ढेबर

जांच एजेंसियों के मुताबिक पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा और होटल कारोबारी अनवर ढेबर पर कांग्रेस शासनकाल में एक प्रभावशाली आपराधिक सिंडिकेट संचालित करने का आरोप है, जिसकी संलिप्तता चार बड़े घोटालों में सामने आई है।

शराब घोटाला: सरकारी दुकानों से सीधे बिना रिकॉर्ड की कच्ची शराब बिकवाई गई। सिंडिकेट हर शराब पेटी की अवैध बिक्री पर 300 रुपये का कमीशन वसूलता था।

डीएमएफ घोटाला: डीएफएम फंड में व्यापक हेराफेरी की गई। टुटेजा ने पद का दुरुपयोग कर चहेतों को ठेके दिलाए और 25 से 40 प्रतिशत तक की कमीशनखोरी की।

नकली होलोग्राम और प्लेसमेंट घोटाला: बिना सुरक्षा मानकों वाली कंपनी प्रिज्म होलोग्राफी को अवैध टेंडर देकर डुप्लीकेट होलोग्राम छपवाए गए। साथ ही प्लेसमेंट कंपनियों के जरिए 183 करोड़ का ओवर टाइम घोटाला किया गया।

वहीं मई 2024 से सितंबर 2025 तक कस्टम मिलिंग घोटाले में 1.06 करोड़ से अधिक की जांच एजेंसी ने नकदी जब्त की।

पीएमएलए के तहत चलेगा ट्रायल

हाई कोर्ट और विशेष अदालतों ने दोनों ही आरोपितों की कई जमानत याचिकाएं खारिज की हैं। ईडी ने कोर्ट को बताया है कि टुटेजा और ढेबर अपने रसूख का इस्तेमाल कर इस पूरे सिंडिकेट के किंगपिन बने हुए थे। वर्तमान में दोनों के खिलाफ ईडी की चार्जशीट, पीएमएलए के प्रविधानों के तहत ट्रायल की तैयारी तेज हो गई है।

कुर्क की गई संपत्तियों का विवरण

जब्त संपत्ति – अनुमानित मूल्य

जून 2026- – 1,000 करोड़ से अधिक की ढेबर, विकास अग्रवाल व सिंडिकेट की बेनामी और व्यावसायिक संपत्तियां।

गोवा का वेस्टइन होटल – शराब घोटाले की अवैध कमाई से 110 करोड़ रुपये में खरीदा गया प्रीमियम होटल।

अनवर ढेबर की संपत्तियां- 116.16 करोड़ में रायपुर में ढेबर-सिटी के प्लाट, बेनामी जमीनें और शेल कंपनियां लगभग 30 करोड़ रुपये, होटल वेनिंगटन कोर्ट जिसे अनवर ढेबर की फर्म ए ढेबर बिल्डकान द्वारा चलाया जाता था।

अनिल टुटेजा की संपत्तियां- 15.82 करोड़ की टुटेजा और उनके परिवार के नाम पर अर्जित अचल संपत्तियां।कंपनियों के बैंक खाते व शेयर -51 करोड़, तीन लाइसेंसधारी कंपनियों के म्यूचुअल फंड व खाते। शुरुआती जब्ती व आभूषण – 58 करोड़, छापों के दौरान जब्त कैश, फिक्स डिपाजिट और 27.96 करोड़ के गहने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *