रायबरेली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये लोग देश के गद्दार हैं। इन्होंने देश को अमेरिका को बेच दिया है।
उन्होंने सामने बैठे लोगों से कहा कि आप सब ताली बजा रहे हैं… लेकिन जब आरएसएस के सदस्य आपके सामने संविधान को फाड़कर फेंक देते हैं, तो आप चुप रहते हैं। मैं आपको बताना चाहता हूं कि इस संविधान में आपकी आवाज और आपका खून है। इसकी रक्षा करना और इसे बचाना आपका कर्तव्य और आपकी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपको विदेश यात्रा न करने को कहते हैं। वे आपको सोना न खरीदने को कहते हैं। वे आपको इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने को कहते हैं। आने वाले समय में किसानों को खाद भी न मिलेगी। एक आर्थिक तूफान आ रहा है… आप कुछ ही महीनों में देखेंगे कि महंगाई कहां तक जाएगी, पेट्रोल की कीमतें कहां तक जाएंगी, डीजल की कीमतें कहां तक जाएंगी, गैस की कीमतें कहां तक जाएंगी। तेल-गैस के साथ दाल-चावल भी महंगा होगा।
प्रधानमंत्री खुलेआम कहते हैं, ‘सोना मत खरीदो, विदेश यात्रा मत करो,’ और फिर खुद हजारों करोड़ रुपये के विमानों में विदेश यात्रा करते हैं। और आप लोग चुप रहते हैं।
“संविधान से आरक्षण दिया, संविधान ने नौकरियां दी, वोट देने का अधिकार सरकार ने छीना”
राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी और आरएसएस की सोच ने देश के संविधान पर हमला किया है। संविधान ने आरक्षण दिया है। संविधान कहा है कि देश में पब्लिक सेक्टर होना चाहिए जिससे नौकरियां मिलती हैं लेकिन नरेंद्र मोदी ने देश का सारा धन अंबानी-अदाणी को पकड़ा दिया। मोदी सरकार ने मनरेगा बंद कर दिया। पब्लिक सेक्टर को प्राइवेटाइज कर दिया। संविधान कहता है कि एक व्यक्ति के पास एक वोट होना चाहिए पर एसआईआर के माध्यम से करोड़ों लोगों के वोट काटे गए हैं।
