कोरबा। कोरबा जिले में शुक्रवार शाम कोसाबाड़ी में एक बाइक के इंजन में जहरीला कोबरा घुस गया। वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित बाहर निकाला और जंगल में छोड़ दिया।

यह घटना शहर के कोसाबाड़ी क्षेत्र की है। शुक्रवार शाम एक व्यक्ति ने अपनी बाइक स्टार्ट की तो उसे इंजन के पास से सरसराहट की आवाज सुनाई दी। करीब से देखने पर पता चला कि एक जहरीला कोबरा बाइक के अंदर कुंडली मारकर बैठा था। इस नजारा देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई।

रेस्क्यू टीम ने 20 मिनट में कोबरा को सुरक्षित पकड़ा

सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पूरी सावधानी और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए कोबरा को रेस्क्यू किया। लगभग 20 मिनट की मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित रूप से बाइक से बाहर निकाला गया। इसके बाद कोबरा को शहर से दूर एक सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।

मौसम में बदलाव के कारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सांप निकलने की लगातार सूचनाएं मिल रही हैं। रेस्क्यू टीम ने बताया कि बीती रात भी कई स्थानों पर सांपों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया। घरों, दुकानों और विभिन्न वाहनों से जहरीले सांपों का सफल रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया है।

रेस्क्यू टीम ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस मौसम में सतर्क रहें। अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें तथा कचरा, लकड़ी या ईंट-पत्थर जमा न होने दें।

टीम ने विशेष रूप से आगाह किया है कि किसी भी स्थिति में सांप को स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें। सांप दिखने पर तुरंत वन विभाग या विशेषज्ञों को सूचित करें। वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के हेल्पलाइन नंबर 8817534455 और 7999622151 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *