कोरबा। कोरबा में गुरुवार देर शाम अचानक मौसम ने करवट ली। तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई। एसईसीएल सीआरसी में चल रहे एक शादी समारोह में आंधी की चपेट में आने से टेंट के पर्दे फट गए, जबकि बर्तन और टेबल-कुर्सियां पलट गईं।

इस दौरान सूखे पेड़ों की डालियां गिरने से कई लोग बाल-बाल बचे। करीब आधे घंटे तक आकाशीय बिजली, बारिश और तूफान का कहर जारी रहा।

शहर में एक यादव परिवार की शादी थी, जिसके लिए एसईसीएल सीआरसी में पार्टी का आयोजन किया गया था। शाम करीब 7:30 बजे अचानक मौसम बदल गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते टेंट के पर्दे फटने लगे, लोहे के स्टैंड हिलने लगे और खाने के स्टॉल की टेबल-कुर्सियां पलट गईं। डीजे भी बंद करना पड़ा।

तेज हवाओं के कारण हलवाई के बर्तन और खाने की प्लेटें उड़ने लगीं। मेहमान अपना खाना और सामान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोग टेबल के नीचे छिप गए, जबकि कुछ गाड़ियों में जाकर बैठ गए। इस दौरान सूखे पेड़ों की बड़ी-बड़ी डालियां टूटकर गिरीं, लेकिन गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी लोग सुरक्षित रहे।

आंधी-तूफान से शहर में बिजली व्यवस्था ठप

आंधी-तूफान के कारण शहर के कई इलाकों में विद्युत व्यवस्था ठप हो गई। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए। शुक्रवार सुबह तक कई कॉलोनियों में बिजली गुल रही, जिससे लोगों को रातभर उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा।

सीएसईबी (CSEB) के कर्मचारी देर रात तक फॉल्ट सुधारने में जुटे रहे। तेज आंधी से शहर के कई इलाकों में लगे होर्डिंग्स और टीन शेड भी उड़ गए। सड़कों पर पेड़ गिरने से आवागमन भी बाधित हुआ।

मौसम विभाग ने पहले ही तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी जारी की थी। इस घटना से शादी वाले परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *