कोरबा। जिले की जीवनदायिनी हसदेव नदी और उससे जुड़ी सहायक नदियों के संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर नमामि हसदेव सेवा समिति लगातार जनजागरण और सेवा कार्यों में जुटी हुई है। समिति द्वारा हसदेव नदी, उसकी सहायक नदियों तथा अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों के प्रदूषण को कम करने, संरक्षण करने और तटों के सौन्दर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसी उद्देश्य को जनभागीदारी से मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक माह की पूर्णिमा पर माँ सर्वमंगला मंदिर घाट, कोरबा में सायं 6 बजे हसदेव आरती का आयोजन किया जाता है।
इसी क्रम में वैशाख पूर्णिमा के पावन अवसर पर 1 मई 2026(शुक्रवार) को शाम 6 बजे माँ सर्वमंगला मंदिर घाट, कोरबा में भव्य हसदेव आरती का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य नदी संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और प्रकृति के प्रति आस्था एवं जिम्मेदारी का भाव जगाना है।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में गायत्री शक्तिपीठ कोरबा के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी श्री कमलेश मिश्रा उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट यजमान के रूप में बाल्को सेवानिवृत्त मैत्री संघ के संयोजक श्री जय कृष्ण तिवारी, विश्व हिन्दू परिषद कोरबा के जिला मंत्री श्री चेतन कुमार राठौर, बाल्को सेवानिवृत्त मैत्री संघ के अध्यक्ष श्री अजय दास वैष्णव तथा धर्मसेना कोरबा के जिला संयोजक श्री साकेत शर्मा कार्यक्रम में सहभागी होंगे।
समिति ने शहर एवं आसपास के नागरिकों से अपील की है कि वे सपरिवार इस पुण्य अवसर पर उपस्थित होकर हसदेव नदी के संरक्षण के संकल्प में सहभागी बनें और सामूहिक आरती में शामिल होकर पुण्य अर्जित करें। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का एक महत्वपूर्ण संदेश भी देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *