कोरबा। जिले के कटघोरा थाना अंतर्गत ग्राम अमलडीहा में आज एक भीषण सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। यहाँ एक अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल है।
​जानकारी के अनुसार, ग्राम अमलडीहा के पास तेज रफ्तार ट्रेलर के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर बाइक को रौंदते हुए सीधे सड़क किनारे खेत में जा घुसा। इस दुर्घटना में बाइक चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
​हादसे में घायल महिला को तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है, जहाँ उसकी हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है। फिलहाल मृतक और घायल महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है, पुलिस पहचान करने की कोशिश में जुटी है।
​घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेलर चालक को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *