कोरबा। कोरबा में सास को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मृतका की बहू समेत उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया। पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मामला 27 अगस्त 2026 का है। लक्ष्मी बाई मानिकपुरी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। इस दौरान घर की दीवार पर लिखा एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें मृतका ने अपनी बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे।

लगातार विवाद और प्रताड़ना से थी परेशान

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि मृतका ने आत्महत्या से पहले अपनी बहनों को एक वीडियो भेजा था। परिजनों के मुताबिक, मृतका के पति की पहले ही मौत हो चुकी थी, जिसके बाद उसने दूसरी शादी की थी। परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया कि बहू और उसके मायके पक्ष की ओर से मृतका पर घर से निकालने का दबाव बनाया जा रहा था। लगातार विवाद और प्रताड़ना से वह परेशान थी। बताया जा रहा कि इससे पहले भी मृतका ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी।

बहू समेत तीनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने सुसाइड नोट, वीडियो और परिजनों के बयानों को जांच में शामिल करते हुए कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया।मामले में पुलिस ने पूर्णिमा महंत (24) निवासी लक्ष्मण तालाब, सुमेरन बाई (45) और मिलन दास (55) दोनों निवासी सोहागपुर, उरगा को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, वीडियो और दीवार पर मिले सुसाइड नोट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *